हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार, अवैध संबंध के शक में दिया था घटना को अंजाम
गिरफ्तार आरोपी: रमाशंकर सिदार (उम्र 45 वर्ष) पिता राम लखन सिदार, निवासी मुड़पार मौहारपारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
विवरण:मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि दिनांक 01.09.2026 की रात्रि करीब 8:00 बजे, प्रार्थी समीर कुर्मी ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी रमाशंकर सिदार ने उसके भाई रितिक कश्यप पर जान से मारने की नियत से चाकू से पेट, सीना और बाएं हाथ की कोहनी के पास हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई है। इस संबंध में थाना सीपत में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

वरिष्ठ अधिकारियों—पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई थी।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी के कोरबा के घंटा घर क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मुखबिर से मिली। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल कोरबा पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी रमाशंकर सिदार को हिरासत में ले लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी और आहत रितिक कश्यप उर्फ करण के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी रंजिश के चलते उसने मौका पाकर 01.09.2026 को बटनदार चाकू से उस पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


