ब्युरो रिपोट जय खटवानी
थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की कार्रवाई: शासकीय सील व हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी से फर्जी इंटीमेशन लेटर बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने शासकीय सील व हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर फर्जी इंटीमेशन लेटर तैयार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹40,000 की सामग्री जप्त की है।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी भूपेश सिंह ठाकुर, निवासी ठेलकाबोड़ कांकेर, ने दिनांक 26.11.2026 को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी की एजेंसी बैंक व वित्तीय कंपनियों के अनुबंध पर वाहन वसूली-जब्ती का कार्य करती है। दिनांक 24.11.2026 को HDB वित्तीय सेवा के निर्देशानुसार वाहन क्रमांक CG 04 PA 9083 की जब्ती पूर्व सूचना देने के लिए कार्यालय कर्मचारी गोविन्द मरकाम को निर्देशित किया गया था। आरोप है कि गोविन्द मरकाम ने पूर्व के इंटीमेशन पत्र से शासकीय सील व हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी निकालकर मोबाइल के इमेज एडिटर से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उन्हें असली सूचना प्रमाण के रूप में इस्तेमाल किया।

शिकायत पर अपराध क्रमांक 434/2026, धारा 336(3), 340(2), 341(2), 204 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी गोविन्द मरकाम (पिता टेकराम मरकाम, उम्र 25 वर्ष, निवासी रतावा वार्ड लारीपारा, थाना सिहावा, जिला धमतरी, हाल ठेलकाबोड़ कांकेर) के कब्जे से 02 फर्जी इंटीमेशन लेटर, 01 एचपी प्रिंटर (कीमत ₹10,000) व 01 आईफोन 13 प्रो (कीमत ₹30,000) सहित कुल ₹40,000 की सामग्री जप्त कर दिनांक 27.11.2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी श्री हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम द्वारा की गई।





