
रिपोर्टर ___ सुरज पुरेना
Bilaspur / बिलासपुर में आज कांग्रेस पार्टी ने ‘संविधान बचाओ यात्रा’ का आयोजन किया, जिसमें छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इस रैली का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोपों को उजागर करना था।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी विजय जांगिड़, पूर्व मंत्री शिव डहरिया और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव जैसे दिग्गज नेताओं ने रैली का नेतृत्व किया। विजय जांगिड़ ने कहा कि आज संविधान खतरे में है, क्योंकि केंद्र की बीजेपी सरकार निरंतर संवैधानिक संस्थाओं में दखल दे रही है।
वहीं विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्यों के अधिकार छीन रही है, जिससे लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जिस तरह से देश चला रही है, वह पूरी तरह असंवैधानिक है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर कांग्रेस ने सेना की सफलता की सराहना की, लेकिन एक केंद्रीय मंत्री द्वारा महिला सैनिक को आतंकी की बहन बताने वाले विवादित बयान पर पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई।
देवेंद्र यादव ने सवाल उठाया कि जब बयान पर FIR हो चुकी है तो अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने बीजेपी नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए और इसे नैतिकता का पतन बताया। कांग्रेस ने दोहराया कि सेना का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रैली के माध्यम से कांग्रेस ने देशभर में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने का संकेत दिया है।