सीसामऊ की गलियों में आठ दिन तक टटोली मतदाताओं की नब्ज, प्रियंका गिरी बोलीं- महिलाओं में योगी सरकार के प्रति उत्साह
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की टीम ने लिया जमीनी फीडबैक, महिला सुरक्षा और सुशासन को लेकर महिलाओं से हुई सीधी बातचीत; महिला आरक्षण को बताया राजनीति में नई भागीदारी का रास्ता
रायपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की महिला नेत्रियों ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर जमीनी स्तर पर मतदाताओं का रुख जानने की कवायद की। इस अभियान में छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी भी शामिल रहीं। उन्होंने करीब आठ दिनों तक कानपुर की महत्वपूर्ण सीसामऊ विधानसभा सीट पर विस्तारक के रूप में रहकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर पहुंचकर महिलाओं और आम मतदाताओं से संवाद किया और सरकार की योजनाओं, महिला सुरक्षा, विकास कार्यों तथा आगामी चुनाव को लेकर उनकी अपेक्षाएं जानीं।
यह दौरा केवल सरकारी योजनाओं के प्रचार तक सीमित नहीं था, बल्कि मतदाताओं के मन में चल रहे सवालों, उनकी जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को समझने पर भी केंद्रित रहा। प्रियंका गिरी ने महिलाओं से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उन्हें कितना लाभ मिला है, किन योजनाओं का प्रभाव उनके जीवन में दिखाई दिया है और भविष्य में वे सरकार से क्या अपेक्षा रखती हैं। लोगों की राय, स्थानीय मुद्दों और उनके सुझावों को संकलित कर संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व तक भी पहुंचाया गया।
उत्तर प्रदेश से लौटने के बाद प्रियंका गिरी ने मीडिया से चर्चा में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जनसंपर्क के दौरान महिलाओं में योगी सरकार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उनके मुताबिक महिलाओं के लिए सुरक्षा का सवाल सबसे महत्वपूर्ण है। बीते वर्षों में महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अपराध के खिलाफ कार्रवाई को लेकर योगी सरकार ने जो कदम उठाए हैं, उनकी चर्चा महिलाओं के बीच सुनने को मिली। महिलाओं का कहना है कि सुरक्षित माहौल उनके परिवार, बच्चों की शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए बेहद जरूरी है।
प्रियंका गिरी ने कहा कि महिलाओं से बातचीत के दौरान केवल राजनीतिक चर्चा नहीं हुई, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषय भी सामने आए। रोजगार के अवसर, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, महंगाई, आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने जैसे मुद्दों पर भी लोगों ने अपनी बात रखी। उनका मानना है कि किसी भी सरकार के कामकाज का वास्तविक आकलन तभी हो सकता है, जब सीधे लाभार्थियों और आम नागरिकों से बातचीत की जाए।
उन्होंने कहा कि सीसामऊ विधानसभा सीट राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण रही है। वर्ष 2024 के उपचुनाव में भी समाजवादी पार्टी की नसीम सोलंकी ने भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी को 8,564 मतों से पराजित किया था। ऐसे में इस सीट पर संगठन की सक्रियता और मतदाताओं से सीधा संवाद महत्वपूर्ण है। प्रियंका गिरी के मुताबिक जनसंपर्क के दौरान सामने आए मुद्दों और नए बनते राजनीतिक समीकरणों को लेकर कार्यकर्ताओं में सक्रियता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चुनाव में पार्टी यहां अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से काम करेगी।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ना लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण
प्रियंका गिरी ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाकर नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि नीति निर्धारण, निर्णय लेने और शासन चलाने की प्रक्रिया में भी उनकी बराबर की भागीदारी होनी चाहिए। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से राजनीति में महिलाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे। लंबे समय से महिलाएं सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में अपनी क्षमता साबित करती रही हैं, लेकिन निर्णय लेने वाले मंचों पर उनकी संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। अब यह स्थिति बदलने की दिशा में संवैधानिक पहल हुई है। परिसीमन और सीटों के पुनर्निर्धारण के साथ महिला आरक्षण के प्रावधान को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया महिलाओं को नेतृत्व के नए अवसर उपलब्ध करा सकती है।
प्रियंका गिरी के अनुसार, महिला आरक्षण केवल सीटों की संख्या बढ़ने या प्रतिनिधित्व का आंकड़ा बदलने का विषय नहीं है। यह उस महिला के आत्मसम्मान और अधिकार से जुड़ा है, जो परिवार और समाज की जिम्मेदारियां निभाने के साथ देश के विकास में भी योगदान देना चाहती है। पंचायतों में आरक्षण के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं नेतृत्व की भूमिका में आई हैं। अब राष्ट्रीय और राज्य स्तर की राजनीति में भी उनकी भागीदारी बढ़ने से नई पीढ़ी की महिलाओं को आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।


उन्होंने कहा कि एक महिला जब जनप्रतिनिधि बनती है तो वह समाज की उन समस्याओं को भी मजबूती से उठा सकती है, जिन्हें अक्सर पर्याप्त महत्व नहीं मिल पाता। महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर निर्णय प्रक्रिया में उनकी आवाज मजबूत होना जरूरी है।
प्रियंका गिरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि महिलाओं की अपेक्षाएं केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं हैं। वे सम्मानजनक जीवन, बेहतर शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्वतंत्रता और अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य की भी आकांक्षा रखती हैं। किसी भी सरकार की योजनाओं की सफलता इसी बात से तय होती है कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक कितना पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर मिला फीडबैक संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। चुनाव के समय केवल मंचों और सभाओं से जनता की अपेक्षाएं नहीं समझी जा सकतीं। घर-घर जाकर लोगों की बात सुनना और उनकी समस्याओं को समझना ही वास्तविक जनसंपर्क है।





