
रिपोर्टर –सुरज पुरेना
Bilaspur : रेलवे स्टेशन में तैनात 29 वर्षीय विवाहित नर्स के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सरकंडा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी स्टेशन मैनेजर फिरतूराम पटेल को उसके ऑफिस से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक निजी संस्थान में नर्स के तौर पर काम करती है, जिसकी ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर भी लगती है। इसी दौरान उसकी जान-पहचान स्टेशन मैनेजर फिरतूराम पटेल से हुई। मैनेजर ने महिला को पार्टी के बहाने कई बार अपने घर बुलाया। 17 मई को ड्यूटी से समय मिलने पर महिला उसके घर पहुंची।
महिला के अनुसार, दोनों ने साथ खाना खाया, जिसके बाद मैनेजर ने उसे अपने बेडरूम में ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाकर चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी ने अपनी कार से महिला को घर छोड़ा और धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो जान से मार देगा।
घटना के कुछ दिन बाद महिला ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने पति को आपबीती बताई। फिर वह अपने पति और जेठ के साथ सरकंडा थाना पहुंची और पूरी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।