संवाददाता जयप्रकाश यादव
बिलासपुर: तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के अमसेना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा
बिलासपुर / तखतपुर:बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमसेना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आज एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। इस आगजनी में स्वास्थ्य केंद्र का एक बड़ा हिस्सा और वहां रखा कुछ चिकित्सा सामान जलकर खाक हो गया है। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के आहत होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सभी डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और उस समय वहां मौजूद मरीज पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने की यह घटना अचानक हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों और धुंए के गुबार को देखकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आग को आसपास के अन्य कमरों और आवासीय परिसरों में फैलने से रोक लिया गया।
शुरुआती जांच-पड़ताल और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालांकि, आग से हुए कुल वित्तीय नुकसान और दस्तावेजों या उपकरणों के नुकसान का सही आंकलन अभी बाकी है। संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


